होली पर्व के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए मदार-रोहतक-मदार (प्रतिदिन) स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से हरियाणा और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09639 मदार-रोहतक (प्रतिदिन) स्पेशल रेलसेवा 01 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक कुल 31 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 04:30 बजे मदार से रवाना होकर दोपहर 12:50 बजे रोहतक पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09640 रोहतक-मदार (प्रतिदिन) स्पेशल रेलसेवा भी 01 मार्च से 31 मार्च 2026 तक संचालित होगी। यह ट्रेन प्रतिदिन 13:20 बजे रोहतक से रवाना होकर रात 22:35 बजे मदार पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में किशनगढ़, नरेना, फुलेरा, रेनवाल, बधाल, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, भगेगा, नीम का थाना, मांवडा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, गोकलगढ़, पाल्हावास, झज्जर तथा अस्थल बोहर स्टेशनों पर ठहराव करेगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी। इस विशेष रेलसेवा में कुल 09 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 07 साधारण श्रेणी के कोच तथा 02 गार्ड डिब्बे शामिल रहेंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले समय सारणी की जानकारी लेने और भीड़ को देखते हुए अपनी यात्रा की अग्रिम योजना बनाने की अपील की है।