जजपा के द्वारा आयोजित दौंगड़ा अहीर चौक पर जिला युवा योद्धा सम्मेलन का आयोजन रविवार को किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि कानून का बहुत बुरा हाल है, प्रदेश में कोई भी वर्ग खुश नहीं है, अपने आप को कोई भी सुरक्षित नहीं समझता। सरेआम व्यापारियों को धमकियां मिल रही है, सरेआम जनता के साथ लूट खसोट हो रही है। आए दिन प्रदेश में औसतन तीन हत्याएं और पांच दुष्कर्म हो रहे हैं। छोटी-छोटी बच्चियां भी प्रदेश में सुरक्षित नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री का सरकारी कर्मचारी और प्रदेश और विदेश में बैठे गुंडों में कोई डर भय नहीं है, सरकारी कर्मचारी चाहे वह चपरासी ही क्यों ना हो वह मंत्री, विधायकों को कुछ नहीं समझता। प्रदेश के डीजीपी को थार गाड़ी और बुलेट सवार गुंडा नजर आता है। गुंडे सरेआम प्रदेश में गोलियां लहराते हुए घूम रहे हैं। किसानों का बुरा हाल है न बिजली मिल रही, न नहर का पानी मिल रहा, न ही बीज और खाद मिला, ना किसानों को लोन मिल रहा है, किसानों की अब कोई सुनने वाला नहीं है। वोट चोरी पर बोलते हुई कहा कि वोट चोरी की जनक कांग्रेस है बीजेपी वाले तो वोटों पर डाका मारते हैं। उन्होंने कहा कि 2029 में आपकी सरकार बनेगी आपका अपना मुख्यमंत्री बनेगा। आप लोग ऐसे ही संगठन को मजबूत करते रहो,लोगों के जनहित मुद्दों को उठाओ। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।