शहर के हुडा सेक्टर में रविवार को रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने संयुक्त रूप से सफाई अभियान चलाया। अभियान के तहत सेक्टर स्थित कम्यूनिटी सेंटर के आसपास जमा कचरे, झाड़ियों और गंदगी को हटाया गया। इस दौरान नालियों की सफाई कर कचरे का सुरक्षित निस्तारण भी किया गया, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता और आवागमन बेहतर हो सके। सफाई अभियान आरडब्ल्यूए प्रधान नरेश चौधरी के नेतृत्व में पूरी टीम मौजूद रही। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण के लिए नागरिकों और प्रशासन का सहयोग आवश्यक है। आरडब्ल्यूए द्वारा समय-समय पर ऐसे अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जाता है। नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित सफाई से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी बचाव होता है। आरडब्ल्यूए ने भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखने का आश्वासन दिया।