संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग और योग युक्त नशा मुक्त हरियाणा के संकल्प के साथ शुक्रवार को आईटीआई मैदान में जिला स्तरीय योग पूर्वाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 21 जून को होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगी। हरियाणा योग आयोग, आयुष विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में अरुण कुमार ने प्रोटोकॉल के अनुसार योग क्रियाएं करवाई। इस कार्यक्रम के लिए सभी प्रकार की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। आईटीआई के पूरे मैदान पर मैट बिछाया गया है ताकि योग करने वालों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस कार्यक्रम में सभी सामाजिक संगठन, राजनीतिक दल, शिक्षण संस्थाएं, अधिकारी व कर्मचारियों को आमंत्रित किया गया है। 21 जून को योग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी नागरिकों को सुबह 6:00 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना होगा। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शशि बाला ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। योगाभ्यास के दौरान शहर के आरपीएस स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र दक्ष भारद्वाज का कारनामा देख सभी ने दांतों तले उंगलियां दबा ली। दरअसल दक्ष आंखों पर पट्टी बांध कर ऐसे साइकिल चला रहा था मानों कि उसे सब कुछ दिखाई दे रहा हो। दक्ष के पिता मनोज ने बताया कि एक साल पहले दक्ष ने झुंझुनूं के अक्षय पारिक से एक माह का ब्रेन योगा का प्रशिक्षण लिया था और घंटों की प्रैक्टिस के बाद वह ऐसा कर पाने में सफल रहा। 21 जून को भी दक्ष अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन श्रुति चौधरी के सामने करेगा।