क्षेत्र की भूतपूर्व सैनिक संस्था की ओर से रविवार को कारगिल विजय दिवस मनाया गया। संस्था के पदाधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने कनीना स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर नमन किया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के नारे गूंजते रहे। कैप्टन भरपूर सिंह ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के वीर जवानों ने अदम्य साहस और बलिदान का परिचय देकर देश की सीमाओं की रक्षा की थी। आज देशवासी जिस आजादी और सुरक्षा का आनंद ले रहे हैं, वह वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है और राष्ट्र ऐसे बलिदानियों का सदैव ऋणी रहेगा। पूर्व सैनिक नरेंद्र ने कहा कि भारतीय सैनिक हर परिस्थिति में देश की सीमाओं की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को स्मरण करना चाहिए। शहीद स्मारक परिसर में पौधरोपण कर शहीद को नमन किया। सूबेदार मेजर राजेश कुमार, कैप्टन सूबे सिंह, कैप्टन जयपाल, कैप्टन अशोक, कैप्टन दुलीचंद, कैप्टन दीनदयाल, कैप्टन देशराज, सूबेदार वीरेंद्र, सूबेदार लक्ष्मीनारायण, नरेंद्र यादव व अन्य पूर्व सैनिक मौजूद रहे।