शहर के 11 हट्टा बाजार स्थित मोहल्ला बास में वीरवार दोपहर को सड़क जाम कर दी और नारेबाजी कर नगर पालिका व ठेकेदार के खिलाफ रोष जताया। सूचना मिलने पर करीब 20 मिनट बाद शहर थाना प्रभारी पवन कुमार ने मौके पर पहुंचकर नागरिकों को समाधान का आश्वासन दिया और जाम खुलवाकर आवागमन दुरुस्त कर दिया। वार्ड निवासी विजय कुमार, राजेश जांगड़ा, सुधीर, अमित ने बताया कि एक सप्ताह से वार्ड में कचरा पड़ा हुआ है और नगर पालिका कर्मचारी यहां से उठान नहीं कर रहे हैं। वार्डवासी नगर पालिका चेयरमैन व अधिकारियों को इससे अवगत करवा चुके हैं। हर दिन कार्यालय में जाते हैं और अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। अब नगर पालिका अधिकारी व ठेकेदार एक- दूसरे का नाम लेकर काम से पल्ला झाड़ रहे हैं। इससे नागरिकों की समस्या बढ़ती गई और अब तक समाधान नहीं हुआ है। अब विवश होकर उनको जाम लगाने का रास्ता अपनाना पड़ा है। दोपहर 12:40 पर नागरिकों ने रोड पर पत्थर रखकर दिए और जाम लगा दिया और नगर पालिका व ठेकेदार मुर्दाबाद के नारे लगाए। करीब 20 मिनट बाद शहर थाना प्रभारी पवन कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और बातचीत की। इसके बाद नागरिकों को समझाया और समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। बाद में नागरिकों ने जाम खोल दिया और आवागमन दुरुस्त हुआ। करीब 20 मिनट तक वाहन चालकों ने परेशानी झेली।