रख-रखाव की कमी के कारण रोडवेज बसों की खिड़कियां व गेट जाम हो चुके हैं, अब ठंड ने भी दस्तक दे दी है। जिसकी वजह से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जब बुधवार को बसों की व्यवस्था को लेकर पड़ताल की गई तो पाया गया लंबे रूट पर संचालित बसों की तुलना में ग्रामीण व छोटे रूट पर अधिकतर खिड़कियां और दरवाजे जाम मिले। जाम खिड़कियों को बंद करने के लिए यात्री जोर आजमाइश करते हैं, लेकिन फिर भी खिड़कियां पूरी तरह से बंद नहीं हो पाती। जिस कारण बस चलने के दौरान तेज रफ्तार से ठंडी हवा बस में प्रवेश करती है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जानकारी के अनुसार लंबे रूट पर करीब 74 व छोटे व ग्रामीण रूट पर करीब 80 बसों का संचालन किया जाता है। वहीं लंबे रूट पर अधिकतर नई बसें संचालित है और छोटे व ग्रामीण रूट पर पुरानी बसें संचालित की जा रही है। मरम्मत के अभाव में पुरानी बसों में खिड़कियां व गेट के जाम की समस्या बनी हुई है।