संवाद न्यूज एजेंसी नारनौल। बीकानेर मंडल के कनीना खास और महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशनों के बीच समपार फाटक संख्या-98 पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते 14 से 17 अक्टूबर तक कई रेल सेवाएं रद्द, आंशिक रूप से रद्द, मार्ग परिवर्तित और रीशेड्यूल रहेंगी। इससे महेंद्रगढ़, नारनौल, रेवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 54789 रेवाड़ी-बीकानेर एक्सप्रेस तथा 54790 बीकानेर-रेवाड़ी एक्सप्रेस 14 से 17 अक्टूबर तक पूरी तरह रद्द रहेंगी। इसके अलावा 54803 सीकर-रेवाड़ी एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को केवल लोहारू तक चलेगी, जबकि 14824 रेवाड़ी-जोधपुर एक्सप्रेस उसी दिन रेवाड़ी के बजाय लोहारू से रवाना होगी। इस कारण दोनों ट्रेनें लोहारू-रेवाड़ी खंड में आंशिक रूप से रद्द रहेंगी। निर्माण कार्य के दौरान 14727 श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज एक्सप्रेस, 54310 हिसार-दिल्ली, 54309 दिल्ली-हिसार, 14717 दिल्ली सराय-सीकर और 22421 दिल्ली सराय-जोधपुर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। इन ट्रेनों को बदले हुए मार्ग पर विभिन्न स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया जाएगा। वहीं 22472 दिल्ली सराय-बीकानेर एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से रवाना होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने और उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।