जिले में इस वर्ष किसानों ने करीब 3 लाख 50 हजार एकड़ में खरीफ फसल उगाई हुई है। जिसमें बाजरा, ग्वार और कपास की फसल शामिल है। इसके लिए कृषि विभाग की तरफ से यूरिया खाद की पूर्ति के लिए उच्च विभाग को 23 हजार मीट्रिक टन की मांग भेजी थी। जिसमें से अब तक करीब 19957 मीट्रिक टन यूरिया खाद जिले को उपलब्ध हो चुका है। जिसमें से सरकारी व निजी खाद केंद्रों में करीब 18524 मीट्रिक टन यूरिया खाद का वितरण किया जा चुका है। उपलब्ध खाद में से करीब 1433 मीट्रिक टन यूरिया खाद का वितरण अभी किया जा रहा है। वहीं मांग अनुसार शेष खाद की अन्य खेप भी अगस्त माह के अंत तक उपलब्ध करवा दी जाएगी। बता दें कि नारनौल में अनाज मंडी स्थित सरकारी खाद केंद्र पर रविवार शाम को 560 बैग और सोमवार सुबह 850 बैग यूरिया खाद सहित कुल 1410 बैग यूरिया खाद पहुंचा। जिसके बाद सुबह से किसान खाद प्राप्त करने के लिए खाद केंद्र पर पहुंचे। खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने के कारण किसानों को सुगमता से खाद मिला। जानकारी के अनुसार सोमवार को एक आधार कार्ड से 3 यूरिया बैग का वितरण किया गया।