संवाद न्यूज एजेंसी कुरुक्षेत्र। जींद में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुनने के लिए शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में भी विशेष व्यवस्था की गई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में लोगों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से जिलेभर से ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए थे। इन्हीं ई-रिक्शा के माध्यम से लोगों को ऑडिटोरियम तक लाया गया और संबोधन समाप्त होने के बाद वापस उनके घरों और निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे। प्रधानमंत्री का संबोधन समाप्त होने के बाद ऑडिटोरियम से बाहर निकलते लोगों में उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में विकास, गरीब कल्याण और देश की प्रगति से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखा। उन्होंने संबोधन को प्रेरणादायक बताते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और लोगों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए ई-रिक्शा लगातार संचालित होते रहे, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।