संवाद न्यूज एजेंसी कुरुक्षेत्र। जंतर-मंतर पर पेपर लीक और परीक्षा धांधली के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र-युवाओं पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को जन संघर्ष मंच हरियाणा और स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन फॉर सोशल डेमोक्रेसी (एसओएसडी) के कार्यकर्ताओं ने शहर में रोष मार्च निकाला। जाट धर्मशाला से शुरू होकर पुराना बस अड्डा तक निकाले गए मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सभा को संबोधित करते हुए जन संघर्ष मंच के प्रधान फूल सिंह, महासचिव सुदेश कुमारी, जिला उपप्रधान ऊषा कुमारी, जिला प्रधान करनैल सिंह तथा एसओएसडी की कविता विद्रोही, पूजा, अपूर्वा और पवन कुमार ने आरोप लगाया कि पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से छात्र-युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसकी न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए।