अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है, जिसके चलते 40 ऑटो के पहिए थम गए हैं। इससे गुस्से में आए ऑटो चालक सड़क पर उतरे और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड कार्यालय के समक्ष जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधिकारियों व पुलिस पर मनमानी करने के आरोप लगाए। यूनियन प्रधान राजेंद्र सिंगला ने बताया कि यह सभी ऑटो सामान्य दिनों में भी ब्रह्म सरोवर परिसर के आसपास ही चलते हैं और हर वर्ष गीता जयंती महोत्सव में भी यह ऑटो चलाए जाते रहे लेकिन इस बार पुलिस ने कड़ी सख्ती कर दी है। उनके ऑटो जब्त किए जा रहे हैं जिसके चलते उनका रोजगार छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि केडीबी अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है और मजबूरी के चलते ही वह सड़क पर उतरे हैं। अगर केडीबी अधिकारियों ने सुनवाई नहीं की तो वह मुख्यमंत्री आवास पर धरना देने को भी मजबूर होंगे। उधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो चालकों को समझने का प्रयास किया लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे।