संवादन्यूज एजेंसी कुरुक्षेत्र। गांव अढ़ोनी के शिव मंदिर के 74 वर्षीय पुजारी योगीराज गिरी पर नौ जुलाई को हुए निर्मम हमले के बाद प्रशासन ने तेजी से बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दरगाह सेवादार पंकज के अवैध कब्जे सहित दरगाह को ढाह दिया है। सोमवार को भारी पुलिस फोर्स और राजस्व टीम की संयुक्त मुहिम में दरगाह का पूरा ढांचा बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। सोमवार सुबह भारी बल के साथ पहुंची टीम ने पहले पंकज के मकान का 7 फीट का अवैध हिस्सा तोड़ा। इसके तुरंत बाद दरगाह पर बुलडोजर चला दिया गया और पूरी दरगाह को जमींदोज कर दिया गया। प्रशासन ने बताया कि दरगाह सरकारी रास्ते पर 3.4 फीट अतिक्रमण के साथ-साथ अन्य नियमों का भी उल्लंघन कर रही थी, इसलिए उसे पूरी तरह हटा दिया गया। गांव में कुल 18 अवैध कब्जों की सूची थी, जिनमें से सभी को हटा दिया गया है। पंकज के घर के अवैध हिस्से समेत आसपास के अन्य अतिक्रमण भी पूर्ण रूप से समाप्त कर दिए गए हैं। सरपंच परमजीत सिंह ने कहा कि वर्ष 2023 में पंचायत की शिकायत पर रास्तों की निशानदेही हुई थी। जांच में कई जगहों पर सरकारी जमीन पर कब्जा पाया गया। उन्होंने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अब गांव के रास्ते पूरी तरह साफ हो गए हैं। पुलिस के अनुसार हमले के दिन पंकज ने पुजारी योगीराज गिरी से मारपीट की और गले में मफलर डालकर उन्हें सड़क पर घसीटा था। इस दौरान पुजारी की टांग टूट गई और शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं। वह अभी भी एलएनजेपी अस्पताल में इलाजरत हैं। बाॅक्स आरोपी की मां का विरोध कार्रवाई के दौरान पंकज की मां परमजीत ने जोरदार विरोध जताया। उन्होंने कहा कि पूरे गांव में कई लोग सरकारी जमीन पर कब्जा किए बैठे हैं। अगर कार्रवाई करनी है तो सभी पर समान रूप से हो। मेरा घर तोड़ दिया, छोटे बच्चे कहां रहेंगे। उन्होंने प्रशासन से पूरे गांव में एक समान कार्रवाई की मांग की। बाॅक्स पंकज की गिरफ्तारी और भागने की कोशिश हमले का सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और पंकज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान पंकज ने सनसनीखेज तरीके से भागने की कोशिश की। सांवला गांव के पास जीटी रोड के पुल से छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। उसे भी उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया।