कुरुक्षेत्र में अलसुबह से घने कोहरे ने मौसम को और ठंडा कर दिया। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। जिलेभर में पिछले पांच दिनों से सुबह और शाम गहरे कोहरे का प्रभाव देखा जा रहा है, जिससे वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण सड़कें धुंध में लिपटी नजर आईं, और वाहन चालक अपनी गति कम करके संभल-संभल कर वाहन चला रहे हैं। घनी धुंध के चलते सड़क हादसों की संभावना भी बढ़ गई है। प्रशासन ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने और फॉग लाइट्स का उपयोग करने की सलाह दी है।