सरस्वती तीर्थ पर अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव का आगाज रविवार से हो रहा है। महोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 19 से 25 जनवरी तक चलने वाले इस सात दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनी, संत सम्मेलन और बसंत पंचमी समारोह का भव्य आयोजन होगा। महोत्सव हरियाणा सरस्वती विकास बोर्ड, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक विभाग, जिला प्रशासन और विभिन्न संस्थाओं के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव का शुभारंभ 19 जनवरी को आदिबद्री, यमुनानगर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। वहीं सुबह नौ बजे पिहोवा सरस्वती तीर्थ पर सरस एवं सांस्कृतिक मेले का उद्घाटन किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा नेता जयभगवान शर्मा और जिला अध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी शामिल होंगे। बोर्ड के उपाध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पिपली तक सरस्वती नदी पर 65 किलोमीटर लंबी पटरी तैयार की गई है, जिस पर लगभग 28 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। नदी को मजबूत करने के लिए विभिन्न स्थानों पर स्टोन पीचिंग का कार्य भी किया गया है। महोत्सव में हरियाणा-पंजाब की सांस्कृतिक विरासत का संगम देखने को मिलेगा। भजन गायिका विधि देशवाल मेरे यार सुदामा रै प्रस्तुति देंगी, साथ ही प्रसिद्ध कलाकार मंदीप और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त सांस्कृतिक टीमें भी शामिल होंगी। 23 जनवरी को वसंत पंचमी पर्व पर आयोजित संत सम्मेलन में स्वामी ज्ञानानंद शिरकत करेंगे। पंजाब से भी बड़े कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। सात दिनों तक धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक झलकियों से पिहोवा और आदि बद्री क्षेत्र भक्तिमय रहेगा।