कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सोमवार को बड़ा सुरक्षा उल्लंघन देखने को मिला। एंट्रेंस एग्जाम बंद कर मेरिट के आधार पर दाखिले देने का नोटिस जारी होते ही इनसो छात्र संगठन से जुड़े कार्यकर्ता वीसी कार्यालय पहुंच गए। आरोप है कि वीसी ऑफिस में प्रवेश नहीं मिलने पर इनसो के कुछ कार्यकर्ता दीवार फांदकर अंदर घुस गए। घटना के बाद विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के फैसले का विरोध करते हुए कहा कि एंट्रेंस परीक्षा खत्म करने से कई विद्यार्थियों के साथ अन्याय होगा। उनका कहना था कि दाखिला प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए एंट्रेंस एग्जाम जरूरी है। घटना के दौरान वीसी कार्यालय परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।