लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल के मेल वार्ड में अल सुबह तीन बजे कंपाउंडर के साथ मरीजों के साथ आए तामीरदार द्वारा मारपीट की। इससे गुस्साए पैरामेडिकल स्टाफ भड़क उठा और अस्पताल में हड़ताल पर चला गया, जिससे अस्पताल में दो घंटे तक इलाज सेवाएं बंद रही। जानकारी के अनुसार, मेल वार्ड में कंपाउंडर रामेश्वर के साथ मारपीट हुई थी। मरीज के साथ आए तामीरदार को मरीज से एक एक करके मिलने को कहा तो वह भड़क उठे और कंपाउंडर के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। देखते ही देखते तामीरदार मारपीट करने लगे। इस मारपीट में रामेश्वर को काफी चोट आई। मारपीट के बाद पैरामेडिकल स्टाफ ने तुरंत विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और अस्पताल के इलाज कार्य को दो घंटे के लिए पूरी तरह ठप कर दिया। स्टाफ ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और मांग की कि दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई हो। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। थाना केयूके पुलिस टीम ने पैरामेडिकल स्टाफ को आश्वासन दिया कि दो घंटे के अंदर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस आश्वासन पर स्टाफ ने प्रदर्शन समाप्त कर काम पर वापस लौटने का फैसला किया। हालांकि, स्टाफ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दो घंटे के अंदर गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे दोबारा हड़ताल पर चले जाएंगे और इलाज सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद रखी जाएंगी। अस्पताल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।