करनाल के मॉल रोड पर शनिवार की शाम डीसी आवास के सामने हुए सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार कार चालक ने पहले ई-रिकशा को जोरदार टक्कर मार दी और उसके बाद रिक्शा में सवार युवक को कुचल दिया। मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर एक युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान गांव बलड़ी निवासी 26 वर्षीय विजय कुमार (अविवाहित) के रूप में हुई है। विजय रिलायंस कंपनी में काम करता था। उसके मामा का लड़का भी उसी के साथ काम करता है। शनिवार की शाम को वह और उसके मामा का लड़का ई-रिकशा में सामान लोड करके जा रहे थे। तभी मॉल रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने उनकी ई-रिकशा को टक्कर मार दी। परिजनों का कहना है कि जिस गाड़ी ने टक्कर मारी है, उसका तो इंश्योरेंस तक नहीं है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरा आरोपी कार चालक अभी फरार है। इस कार चालक ने हादसे के बाद सड़क पर गिरे विजय को कुचला था। परिजन दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं उन्होंने शव उठाने से इनकार कर दिया।