प्रदेश सरकार का ई-खरीद पोर्टल अचानक बंद होने से सोमवार को करनाल अनाज मंडी में भारी अव्यवस्था फैल गई। दोपहर करीब 12 बजे पोर्टल ठप होते ही गेटपास पूरी प्रक्रिया रुक गई, जिससे जीटी रोड से लेकर मंडी परिसर तक 700 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी लाइन लग गई। तेज धूप में घंटों इंतजार करने को मजबूर किसान ट्रालियों की छांव में बैठकर सिस्टम के चालू होने का इंतजार करते नजर आए। गेट पास से लेकर सत्यापन तक सब ठप पोर्टल बंद होने के कारण गेट पास काटने की प्रक्रिया पूरी तरह ठप हो गई। इसके साथ ही ट्रैक्टर-ट्रालियों और किसानों का भौतिक सत्यापन भी नहीं हो सका। मंडी में एंट्री के लिए खड़े किसानों को बाहर ही रोक दिया गया, जिससे जीटी रोड पर जाम जैसे हालात बन गए। उठान भी रुका, मंडी में बढ़ा दबाव हालात इतने बिगड़ गए कि पहले से खरीदा गया गेहूं भी मंडी से बाहर नहीं भेजा जा सका। उठान रुकने से मंडी में गेहूं के ढेर लगने लगे और जगह की कमी महसूस होने लगी। आढ़तियों और श्रमिकों को भी काम बंद कर इंतजार करना पड़ा। तेज धूप में परेशान किसान दोपहर की तेज धूप में किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रालियों के नीचे बैठकर राहत ढूंढते नजर आए। कई किसानों ने बताया कि सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने के कारण उनकी बारी ही नहीं आ पा रही। इससे उनकी फसल खराब होने और समय बर्बाद होने की चिंता बढ़ गई है।