करनाल के सेक्टर-14 श्रीकृष्ण मंदिर के बाहर एक बरात की दो गाड़ियों पर लाठी-डंडे व तलवार से कुछ युवकों ने हमला कर दिया। दोनों गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। एक कार में मां-बेटे बैठे थे। उनमें से महिला ने उन युवकों के आगे हाथ भी जोड़े। इसके बाद बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। सूचना मिलने पर सभी बराती मंदिर से बाहर आए और फिर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। श्रीकृष्ण मंदिर में हांसी रोड निवासी युवक की जुंडला गेट निवासी लड़की से शादी हो रही थी। दोपहर को लड़के वाले बरात लेकर कृष्ण मंदिर के बाहर पहुंचे और रिबन काटकर अंदर चले गए। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर कुछ युवक आए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पहले उन युवकों का आपस में झगड़ा हुआ और फिर उन्होंने दूल्हे की गाड़ी व उसके पीछे खड़ी कार पर लाठी-डंडे व तलवार बरसाकर उसके शीशे तोड़ दिए। दूल्हे की गाड़ी में एक महिला अपने बेटे के साथ बैठी थी तो वह उन बदमाशों को देखकर घबरा गई और उसने उनके सामने हाथ जोड़े। इसके बाद वह युवक फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।