जिला सचिवालय में सोमवार को प्रशासन का समाधान शिविर लगा। कई शिकायतों का मौके पर ही निदान किया गया, लेकिन कई में जनता के हाथ में शिकायतों का बोझ ज्यों का त्यों रहा। वही रस्मी तस्वीर सामने आई, जिसमें अफसरों के चेहरे पर आश्वासन की मुस्कान थी और फरियादी मायूस होकर प्रशासन के दरबार से निकले। सुबह 10 बजे से ही शिविर में लोगों का आना शुरू हो गया था। ठंड के बावजूद दूर-दराज के गांवों से लोग इस उम्मीद में आए थे कि उनकी लंबे समय से पड़ी समस्याओं का अंत होगा। शिविर में सीटीएम, डीएसपी, राजस्व, बिजली विभाग, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और नगर निकाय जैसे महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी थे। प्रशासन का दावा था कि यहाँ शिकायत के बाद संबंधित अधिकारी उसका तुरंत निस्तारण करेंगे, लेकिन दोपहर ढलते-ढलते जनता का उत्साह मायूसी में बदल गया। कई फरियादी विशेषकर बुजुर्ग मायूस मन से हाथ में कागज लिए सभागार से निकले। इनकी परिवार पहचान पत्र में आय बढ़ने से पेंशन कट चुकी है।