विश्व क्षयरोग दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन कार्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभाग के कर्मचारी और अधिकारियों ने टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का शुभारंभ सिविल सर्जन ने निक्षय वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया। साथ ही टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की गई ताकि उनके उपचार के दौरान पोषण की कमी न हो और वे जल्दी स्वस्थ हो सकें। सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने बताया कि 100 दिवसीय अभियान के दौरान जिला कैथल के गांवों और शहरी वार्डों में संवेदनशील आबादी की व्यापक स्क्रीनिंग की जाएगी। संभावित टीबी मरीजों की पहचान के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिसमें एआई आधारित हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन और एनएएटी मशीन शामिल हैं। इन उपकरणों के माध्यम से शुरुआती चरण में ही बीमारी की पहचान संभव हो सकेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला, उप-सिविल सर्जन डॉ. बलविंद्र सिंह व जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. संदीप बत्तिश ने की।