कैथल। लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों ने अतिक्रमण, मारपीट, श्मशान घाट की बदहाल स्थिति, परिवार पहचान पत्र और पेंशन सहित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। एसडीएम संजय कुमार ने सभी शिकायतों को सुनते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी बीरभान भी मौजूद रहे। शिविर में गांव बालू निवासी पूजा ने पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायत देते हुए बताया कि उनके देवर सुनील के साथ 13 जुलाई को गांव के कुछ लोगों ने मारपीट की थी। आरोप है कि 15 जुलाई की सुबह भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से लैस होकर दोबारा हमला किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुराने अस्पताल के पास स्थित श्मशान घाट की समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि वहां जाने वाला रास्ता गड्ढों से भरा है। रेता और मिट्टी जमा होने से अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही श्मशान घाट की चारदीवारी भी क्षतिग्रस्त है। लोगों ने रास्ते की मरम्मत, पेवर ब्लॉक बिछाने और चारदीवारी का पुनर्निर्माण कराने की मांग उठाई। वहीं शमशेर ने विश्वकर्मा चौक से चीका बाईपास नाका तक सड़क किनारे हो रहे अवैध अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना था कि बिल्डिंग मैटेरियल की दुकानों ने सड़क किनारे रेता, बजरी और अन्य निर्माण सामग्री डाल रखी है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। ओवरलोड वाहनों और निर्माण सामग्री के कारण सड़क किनारे लगे पेड़-पौधों को भी नुकसान पहुंच रहा है। इसके अलावा परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापन, पेंशन और अन्य जनहित से जुड़ी शिकायतें भी शिविर में पहुंचीं। एसडीएम संजय कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ताओं को राहत दिलाने के निर्देश दिए।