सफीदों में आयोजित विकास रैली में प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। रैली में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा और मंत्री कृष्ण लाल पंवार पहुंच चुके हैं। नेताओं के पहुंचने के साथ ही रैली स्थल पर कार्यकर्ताओं और लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह चरम पर है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के शाम करीब साढ़े चार बजे तक रैली स्थल पर पहुंचने की उम्मीद है। उनके स्वागत के लिए मंच और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह तैयार कर ली गई है। रैली को लेकर क्षेत्र में सुबह से ही हलचल बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग गांवों और आसपास के क्षेत्रों से पहुंच रहे हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन के बाद रैली को संबोधित करने और क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं की घोषणाएं करने की संभावना जताई जा रही है।