नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा से जुड़े सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले ब्लॉक कमेटी नरवाना ने शनिवार को दूसरे दिन सुबह अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने हाथों में उल्टी झाड़ू लेकर भगत सिंह चौक से नगर परिषद कार्यालय तक रोष मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। ब्लॉक प्रधान बंटी ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर यह दो दिवसीय उल्टा झाड़ू प्रदर्शन किया गया है, यदि उनकी मांगें नहीं मानी तो आंदोलन ओर तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कर्मचारी अपनी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और 21 दिसंबर 2025 को जारी सरकार के फैसले को लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारियों को कार्य करते हुए 10 वर्ष से अधिक समय हो चुका है, उन्हें स्थायी किया जाए। इसके अलावा हाल ही में दिवंगत हुए दो फायर कर्मचारियों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और शहीद का दर्जा देने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। इस दौरान तरसेम दरोगा, रामपाल दरोगा, संदीप, कृष्ण, राजो, रानी, मूर्ति, संतरों, सुरेश और गुलजेरी सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।