कस्बे में जुलाना पुलिस ने अवैध रूप से चल रहे जुगाड़ू वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पुलिस ने एक जुगाड़ू रिक्शा को इंपाउंड किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से जुगाड़ू वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। थाना प्रभारी विक्रम जोसन ने बताया कि सर्दी के मौसम में कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो जाती है, ऐसे में जुगाड़ू वाहन सड़क हादसों का बड़ा कारण बन सकते हैं। ये वाहन न तो निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं और न ही इनमें सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते हैं। कई बार ऐसे वाहनों के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा इससे पहले भी जुगाड़ू वाहन चालकों को कई बार चेतावनी दी गई थी और अवैध वाहनों का प्रयोग न करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी करते हुए इन वाहनों को सड़कों पर दौड़ा रहे हैं। इसी को लेकर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कस्बे के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की चेकिंग की। इसी दौरान एक जुगाड़ू रिक्शा को रोका गया। जांच के दौरान चालक वाहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। न तो वाहन का पंजीकरण था और न ही अन्य आवश्यक कागजात मौजूद थे। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रिक्शा को इंपाउंड कर लिया। थाना प्रभारी विक्रम जोसन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा और अवैध रूप से चल रहे जुगाड़ू वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।