श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में फरीदाबाद से प्रारंभ हुई हिंद की चादर तृतीय शहीदी यात्रा का सोमवार देर रात जिला में पहुंचने पर पूरे श्रद्धाभाव से स्वागत किया गया। जिला की सीमा में प्रवेश करने के पश्चात यात्रा सबसे पहले गांव किनाना से होती हुई हवेली पहुंची उसके बाद सफीदों रोड से होते हुए जींद में आगमन हुआ। सफीदों रोड पर जिला गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों रुद्राक्ष मिड्ढा एवं संगत ने पंज प्यारों की अगुवाई में यात्रा का स्वागत किया। यात्रा परशुराम चौक , कुंदन सिनेमा, बाबा बंदा सिंह बहादुर चौक तथा बाल भवन के समीप से होती हुई रानी तालाब स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब पहुंची। मंगलवार को यात्रा के साथ नगर कीर्तन निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं तथा साध-संगत ने भाग लिया। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सिख समाज की ओर से जलपान तथा प्रसाद व्यवस्था की गई । बाद में शहीदी यात्रा गोहाना रोड से उपमंडल सफीदों के गांवों ढाठरथ, खरक गादिया, सिंघाना से होती हुई पानीपत जिले के इसराना की की तरफ प्रस्थान कर गई। यात्रा के दौरान सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा एलईडी वैन के माध्यम से संत महापुरुषों के जीवन-वृतांत का प्रसारण भी किया गया। इससे आमजन को गुरुजी की शिक्षाओं एवं जीवन संदेशों का अवलोकन कराया गया।