हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा शुक्रवार को ई-रिक्शा में सवार होकर लघु सचिवालय पहुंचे। लघु सचिवालय पहुंचने पर डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने उनका स्वागत किया। इस दौरान डिप्टी स्पीकर डॉ. मिड्ढा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश काफिले से गाड़ियां कम कर पेट्रोल-डीजल की बचत का समर्थन करते हुए कहा कि आज समय की मांग है कि हर व्यक्ति छोटे-छोटे प्रयासों से पर्यावरण बचाने में अपनी भागीदारी निभाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक कर रहे हैं और स्वच्छ भारत के साथ-साथ ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भी आगे आकर इन संदेशों को व्यवहार में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि लोग छोटी दूरी के लिए निजी वाहनों की बजाय ई-रिक्शा या सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करें तो ट्रैफिक और प्रदूषण दोनों कम हो सकते हैं। डिप्टी स्पीकर के ई-रिक्शा से लघु सचिवालय पहुंचने की वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुई।