शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि सरकार की 26 और 27 जुलाई को होने वाली सीईटी (संयुक्त पात्रता परीक्षा) की परीक्षा की पूरी तैयारी है। इन दोनों दिन प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश रहेगा, क्योंकि इससे पहले लोगों को संदेह था कि जिन स्कूलों में सेंटर बनाए गए हैं, उनके अलावा दूसरे स्कूलों में अवकाश रहेगा या नहीं। इसको लेकर अब संदेश नहीं रहेगा। वे वीरवार को चौधरी रणवीर सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारों से बातची कर रहे थे। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के बेेटे विकास बराला को एएजी (सहायक महाधिवक्ता) नियुक्त किए जाने के पत्रकारों के सवाल पर महिपाल ढांडा भडक़ गए। उन्होंने कहा कि सुभाष बराला के बेटे को अब सात समुंद्र पार छोडक़र आए क्या, वो भी किसी का बेटा है। अब नेता होना भी जुल्म हो गया क्या। क्या नेताओं के बालक पढऩा छोड़ दें। उसका बालक अपनी मेहनत से पढ़ा, आगे बढ़ा है। वो आगे जाए या नहीं। इसका मतलब यह है कि नेता के बालक कुछ नहीं करे और न ही नेता करे। प्रदेश में शिक्षा प्रणाली पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा उठाए गए सवाल के बारे में उन्होंने कहा कि शायद भूपेंद्र हुड्डा को पता नहीं है। समय बहुत तेजी से बदल रहा है। वो अपने पुराने ख्यालात में से बाहर निकले। अब शिक्षा की नई पॉलिसी के तहत शिक्षा दी जा रही है, जहां भी बदलाव की जरूरत है वहां बदलाव किया जा रहा है।