शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल अब महज शोपीस बनकर रह गए हैं। रेड सिग्नल होने के बावजूद वाहन चालक बेखौफ होकर अपने वाहन निकाल रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि सिग्नल चालू होने के बाद भी चौराहों पर नियमों का पालन होता नजर नहीं आता। शहर में पांच प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं, जिनमें रेलवे रोड पर विश्वकर्मा चौक, नाहरा-नाहरी रोड पर बने चौक, झज्जर रोड पर बादली चुंगी के पास, झज्जर मोड़ पर दिल्ली-रोहतक रोड ओर सेक्टर-6 मोड़ शामिल हैं। इन स्थानों पर दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन रेड लाइट पर रुकने की बजाय अधिकांश वाहन चालक तेजी से निकल जाते हैं। कई बार तो एक दिशा में ग्रीन सिग्नल होने के बावजूद दूसरी ओर से वाहन घुस आते हैं, जिससे टकराव की स्थिति बन जाती है।