झज्जर। नगर परिषद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। बुधवार सुबह नगर परिषद अधिकारियों ने आंबेडकर चौक से लिफ्टिंग एजेंसी के कारिंदों के सहयोग से पडे़ कूडे़ को बुलडोजर से उठाने का प्रयास किया। सूचना पाकर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और बुलडोजर को रुकवा दिया। कर्मचारियों ने बुलडोजर से कूड़ा वापस गिरवा दिया और नगर परिषद प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान लिफ्टिंग कर्मियों व नगर परिषद सफाई कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई। नगर परिषद सफाई कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वीरवार से घर-घर कूड़ा उठान व लिफ्टिंग का काम भी नहीं होने दिया जाएगा। वहीं नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद झज्जर के सभी सफाई कर्मचारी हड़ताल पर मौजूद रहे। हड़ताल के दौरान समर्थन में आए रिटायर कर्मचारी संघ से रमेश जाखड़, जयपाल गुढ़ा और मिड डे मील से सरोज दुजाना ने कर्मचारियों को संबोधित किया। इसकी अध्यक्षता इकाई प्रधान शिवम चांवरिया ने की। उन्होंने कहा कि सरकार बिल्कुल गूंगी बहरी बनी हुई है। कर्मचारियों की बात नहीं सुन रही है। हम सरकार को बताना चाहते हैं कि जल्द से जल्द सरकार कर्मचारियों की मांगों का समाधान करे वरना आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसकी जिम्मेवारी हरियाणा सरकार की होगी। उन्होंने मांग की कि 13 मई को संघ व सरकार के बीच हुए समझौते को लागू करना, फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए कर्मचारियों के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये, सरकारी नौकरी देने, पैरोल के सफाई कर्मचारी व सीवरेजमैन को पक्का करना, झज्जर के 2014 में हटाए हुए 60 कर्मचारियों को ड्यूटी पर वापस लेने, ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर सफाई कर्मचारियों को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। इस अवसर पर इकाई सचिव विकास उज्जैनवाल, जिला सचिव गौरव, ऑडिटर कृष्ण, सलाहकार सुरेश, सह सचिव बबली, महिला उप प्रधान कमलेश, प्रचार सुचारक मनीषा, शीतल ,रानी, दया, सुषमा, सुमित्रा मौजूद रहे।