नगर खेड़ा बाबा प्रसाद गिरी महाराज मंदिर में सुंदरकांड पाठ एवं सत्संग समारोह का आयोजन 28 फरवरी को किया जाएगा। स्वामी राघवेंद्र भारती महाराज ने बताया कि पूरे हरियाणा में नशा मुक्ति को लेकर संकल्प यात्रा अभियान के तहत शनिवार 28 फरवरी को 3 से 6 बजे तक सुंदरकांड पाठ एवं सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वह वीरवार को सिंचाई विभाग के रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अब तक रोहतक में दो कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और अब 28 फरवरी को झज्जर के बाबा प्रसाद गिरि महाराज मंदिर में कार्यक्रम होगा। राघवेंद्र भारती ने कहा कि नशा मुक्त हो भारत, संकल्प है हमारा लोगों को नशा मुक्त होने के अभियान का आह्वान करेंगे। उन्होंने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और सरकार के बीच चल रहे विवाद पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया और केवल इतना कहा कि वह केवल अपना जागरूकता का काम कर रहे हैं। सरकार क्या कर रही है और शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद क्या कर रहे हैं, वह इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। नशा रोकने को लेकर उन्होंने कहा कि यह सबके सहयोग से ही रुक सकता है। जब व्यक्ति धर्म के काम व अन्य कार्यों में व्यस्त होगा तो वह नशे की तरफ नहीं जाएगा। इसलिए वह अपने कार्यक्रमों में लोगों से संकल्प दिलवा रहे हैं कि वह अन्य लोगों को नशा छुड़ाने का काम करेंगे। इस मौके पर जिला परिषद के अध्यक्ष कप्तान बिरधाना, भाजपा नेता मनीष बंसल, प्रमोद बंसल, केशव सिंघल, गुलशन शर्मा, मौजूद रहे।