गांव सिलानी में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। आयुष योग शिक्षक महावीर ने स्कूल के सभी बच्चों व अध्यापकों सहित सूर्य नमस्कार का अभ्यास करवाया व उसके लाभ की विस्तृत जानकारी बच्चों को दी। इस अवसर पर आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. नमिता ने कहा कि नियमित सूर्य नमस्कार करने से बच्चों में शारीरिक बल की वृद्धि होती है, मांसपेशियां मजबूत होती हैं, मानसिक स्थिति ठीक होती है और मन आत्मा बुद्धि का संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलती है। सूर्य नमस्कार हमारी तंत्रिकाओं और मांसपेशियों को ऊर्जावान बनाता है। इसका नियमित अभ्यास पूरे शरीर में शुद्ध रक्त का संतुलित संचार और सभी प्रणालियों में पूर्ण समन्वय प्रदान करता है। इस प्रकार यह साधक को संपूर्ण मानसिक और शारीरिक पुष्टता प्रदान करता है। इस अवसर पर विद्यालय में कार्यरत दलवीर डीपी ने बताया कि हमें प्रतिदिन 6 राउंड सूर्य नमस्कार के करने चाहिए। सूर्य नमस्कार के एक राउंड में 12 स्टेप होते हैं। कम समय में ही संपूर्ण शरीर का पुरा व्यायाम पूर्ण हो जाता है। इस अवसर पर स्कूल की प्राचार्य सुशीला देवी ने बताया कि सूर्य नमस्कार से व्यक्ति का सर्वांगीण व्यायाम और ऊर्जा वृद्धि, एकाग्रता व शरीर में लचीलेपन में सुधार होता है। इस अवसर पर सभी को प्रतिदिन सूर्य नमस्कार करने व नशे से दूर रहने का संकल्प भी दिलवाया।