बहादुरगढ़ के बराही रोड स्थित ओम गार्डन में बिजली विभाग की ओर से सोलर कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना और “हर घर सोलर प्लांट” योजना के लाभों की जानकारी देना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया, लागत, सब्सिडी व रखरखाव से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक सब्सिडी दे रही हैं। इससे लोग अपने घरों की छत पर सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल कम करने के साथ अतिरिक्त बिजली बेचकर आय भी प्राप्त कर सकते हैं। प्रधान ओमबीर छिकारा ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की जरूरत है और यह पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम में जेई प्रशांत, जेई अनिल, जेई संजीव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।