झज्जर। शहर और आसपास के क्षेत्र में मंगलवार को आई तेज बारिश ने एक बार फिर से शहर में जलभराव कर दिया। खास तौर पर नालों की सफाई न होने के कारण जलभराव की समस्या ज्यादा रही और नालों का गंदा पानी मुख्य मार्गों पर आ गया। मंगलवार को 5 एमएम बारिश दर्ज की गई जबकि अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के कारण लोगों को गर्मी व उमस से भी राहत मिली। मंगलवार सुबह 8 बजे से बारिश शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक रुक-रुककर जारी रही। बारिश के चलते जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर के मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। शहर के बीकानेर चौक पर दोनों स्कूलों के बाहर जलभराव हो गया। यही नहीं नाले ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी भी सड़क पर जमा हो गया। बीकानेर चौक पर ही सीवरेज ओवरफ्लो होने के कारण उसका गंदा पानी भी बाहर आ गया। बारिश के कारण शहर के आंबेडकर चौक से कोपरेटिव बैंक, सिलानी गेट से बाजार, पुराना बस अड्डा, पुराना बर्फखाना रोड, अग्रसेन चौक, बहादुरगढ़ रोड, पुराना तहसील रोड के अलावा सिविल अस्पताल को जाने वाले मुख्य मार्ग पर पानी जमा हो गया। इसके अलावा आर्य नगर, दमदमा मोहल्ला, हरिपुरा मोहल्ला सहित अन्य कालोनियों में भी जलभराव हुआ। इस कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं शाम को बारिश रुकने पर नगर परिषद की तरफ से बुलडोजर भेजकर बीकानेर चौक पर बने नालों को साफ करवाया गया ताकि दोबारा नालों का पानी बाहर नहीं आए। नगर परिषद की कार्रवाई पर देर शाम पानी फिरता नजर आया, जब शाम सवा सात बजे फिर से तेज बारिश शुरू हो गई और सारी गंदगी वापस अंदर नालों में चली गई।