ऑल इंडिया किसान खेत मज़दूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को गांव मांडौठी में पर्चे बांटकर जनसंपर्क अभियान चलाया और जनजागरण के तहत एक जनसभा आयोजित की। सभा की अध्यक्षता वयोवृद्ध किसान रघबीर सिंह ने की। प्रदेश सचिव जयकरण मांडौठी ने कहा कि किसानों, खेत मजदूरों और भूमिहीन ग्रामीणों की स्थिति बेहद नाजुक है। खेती में लागत बढ़ती जा रही है, जबकि फसलों के उचित दाम नहीं मिलते और फसल खराब होने पर पर्याप्त मुआवजा भी नहीं मिलता। उन्होंने बीज बिल-2025, बिजली बिल-2025 और प्रीपेड स्मार्ट मीटर योजना को रद्द करने, किसानों-मजदूरों को कर्जमुक्त करने तथा 5000 रुपये मासिक बुढ़ापा पेंशन देने की मांग उठाई। प्रदेश उपाध्यक्ष हंसराज राणा ने भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को किसानों के लिए नुकसानदायक बताया। वक्ताओं ने नहरों में कम पानी, खेतों में जलभराव और सोलर उपकरणों की चोरी के मामलों पर भी चिंता जताई। सभा में कई किसान-मजदूर मौजूद रहे।