सरकार की ओर से क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फसल खरीफ खराबा वेरिफिकेशन के कार्य में निलंबित किए पटवारियों के पक्ष में पटवारियों ने सोमवार को दूसरे दिन भी पटवारखाना में सांकेतिक हड़ताल की। इससे लोगों के काम नहीं हुए। सोमवार होने के कारण लोग काम के लिए पहुंचे, लेकिन हड़ताल के चलते लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। द रेवेन्यू पटवार कानूनगो एसोसिएशन के प्रधान राजबीर गुलिया ने बताया कि दूसरे जिलों के 6 पटवारियों ने एक ही फोटो कई बार अलग-अलग खसरा नंबर पर अपलोड की थी, जिस कारण प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 6 पटवारियों को निलंबित कर दिया था जबकि सच्चाई यह है कि यह प्रकिया राज्य के सभी पटवारी से लेकर सभी उच्च अधिकारियों द्वारा की गई है, क्योंकि प्रत्येक खसरा नंबर पर जाकर फोटो लेकर खराबा अपडेट करना संभव नहीं है। एसोसिएशन की प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से इन पटवारियों के समर्थन में पहले प्रशासन व सरकार को ज्ञापन सौंपकर अपना पक्ष रखने के लिए समय मांगा गया था, लेकिन सरकार की ओर से न तो इन पटवारियों को बहाल किया जा रहा है और न ही मिलने का समय निर्धारित किया गया है। इस कारण मजबूरी में एसोसिएशन के आह्वान पर विरोध दर्ज करवाया गया। उन्होंने बताया कि अब बुधवार तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने मांग कि निलंबित किए गए पटवारियों को बहाल किया जाए।