लघु सचिवालय सभागार में जिला परिषद हाउस की बैठक चेयरमैन कप्तान बिरधाना की अध्यक्षता में हुई। इसमें सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट विशेष रूप से शामिल हुए। बैठक के दौरान वार्डों के विकास कार्यों का मुद्दा उठा, जिस पर अधिकतर पार्षदों ने कहा कि सभी वार्डों में समान ग्रांट वितरण कर विकास होना चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता है तो कमेटी बनाई जाए। कमेटी ही ग्रांट वितरण करें। इस पर सीईओ ने सभी से सहमति मांगी तो अधिकतर ने हां की। इस पर चेयरमैन कप्तान बिरधाना ने कहा कि सभी वार्डों का समान विकास करवाया जाएगा। किसी की कोई शिकायत नहीं आने दी जाएगी। इस पर सभी वार्डों में समान विकास के लिए ग्रांट वितरण का फैसला हुआ। योगेश सिलानी ने कहा कि यदि चेयरमैन किसी भी पार्षद के वार्ड में जाकर विकास के लिए पैसा देता है तो वह अपनी ग्रांट से दें। वह राशि पार्षद की ग्रांट से खर्च नहीं होगी। इसका बाकी पार्षदों ने भी समर्थन किया।