जहांगीरपुर गांव में बिजली की समस्या और कच्ची फिरनी को पक्का कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों की भूख हड़ताल शुरू हो गई। सामाजिक कार्यकर्ता मास्टर दीपक शर्मा के नेतृत्व में शुरू की गई भूख हड़ताल को गांव के युवाओं और महिलाओं का भी समर्थन मिला। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि लंबे समय से समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मास्टर दीपक शर्मा ने कहा कि गांव में बिजली कटौती के कारण ग्रामीण परेशान हैं और उन्हें 24 घंटे बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जानी चाहिए। वहीं, गांव की फिरनी कच्ची होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि जब तक दोनों प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है।