हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के माइक बंद होने के आरोपों पर चुटकी लेते हुए कहा कि राहुल गांधी जिस माइक के बंद होने की बात कर रहे थे, उसी माइक से लगातार बोल भी रहे थे। उन्होंने कहा कि यह एक विचित्र घटनाक्रम था, जिसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की गई, लेकिन मामला वहीं समाप्त हो गया। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी गांव रईया स्थित बागवानी अनुसंधान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकार मुद्दाविहीन और असंवेदनशील हो चुकी है। राज्य में कई ऐसे मामले हैं, जिनका सरकार के पास कोई संतोषजनक जवाब नहीं है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के खिलाफ दर्ज मामले को रद्द किए जाने के सवाल पर कृष्ण बेदी ने कहा कि जो व्यक्ति अब इस दुनिया में नहीं है, उसके खिलाफ मुकदमा चलाना उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि अदालत का फैसला बिल्कुल सही है। संसद में हाल ही में पारित छात्र हित से जुड़े कानून का उल्लेख करते हुए बेदी ने कहा कि केंद्र सरकार विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर गंभीर है और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कदम उठा रही है।