कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं संत समाज के लोग शामिल हुए। बहादुरगढ़ से भी नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं का एक बड़ा दल उमरी गांव पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और गुरु रविदास के प्रति श्रद्धा अर्पित की। सरोज राठी ने कार्यकर्ताओं को रवाना करते हुए कहा कि संतों और गुरुओं का सम्मान भारतीय संस्कृति की पहचान है और भाजपा इसी परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में अनेक संत, महापुरुष और गुरु हुए हैं, जिन्होंने समाज को सही दिशा दिखाई। संत गुरु रविदास ने समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार का प्रयास है कि संतों और सनातन परंपरा के मूल्यों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाए, ताकि सामाजिक समरसता और एकता को और मजबूत किया जा सके। सरोज राठी ने आगे कहा कि भाजपा सरकार अपने संत महापुरुषों को उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर समारोह पूर्वक याद कर रही है। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों को उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों के बारे में बताया जा रहा है, ताकि युवा पीढ़ी उनसे प्रेरणा ले सके। महासम्मेलन में वक्ताओं ने गुरु रविदास के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समतामूलक समाज के निर्माण का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने गुरु रविदास के बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को अपनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर चेयरपर्सन प्रतिनिधि रमेश राठी, पार्षद राजेश तंवर, मनमोहित गुप्ता, सुमित, संदीप, अरुण, सुरेश, सुमन, अमित, सुदेश, बबीता, रानी, ममता आदि मौजूद थे।