गुरुग्राम रोड पर प्लॉट के नाम पर पैसे लेकर रजिस्ट्री न कराने के मामले में कार्रवाई न होने पर महिला ने कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा की गाड़ी का रास्ता रोक लिया। पुलिस ने महिला को रोकने का प्रयास किया, लेकिन महिला नहीं मानी और मंत्री से मिलने पर अड़ी रही। इसके बाद पुलिस ने महिला जगपति को मंत्री से मिलवाया। महिला जगपति ने बताया कि उसने गुरुग्राम रोड पर प्लॉट लिया था। जिस व्यक्ति ने प्लॉट दिया था, उसने पैसे ले लिए लेकिन प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करवाई। महिला बीते कई दिनों से दर-दर की ठोकरें खा रही है लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। वह आज भी सुबह से भूखी प्यासी मंत्री से मिलने के लिए आई थी, लेकिन उसे मिलने नहीं दिया गया। इसके बाद पुलिस ने महिला को समझाया और मंत्री से मिलवाया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए उन्होंने डीसी को भी निर्देश दिए। इसके बाद महिला डीसी से मिली और अपनी शिकायत रखी। डीसी ने डीसीपी को निर्देश दिए कि इस मामले में कार्रवाई की जाए।