लघु सचिवालय में वीरवार को नेवल वैट्रन्स वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष विजय पूनिया के नेतृत्व में डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल से मिला और जरूरत पड़ने पर एसोसिएशन की तरफ से जिला प्रशासन के समक्ष सहयोग की बात रखी। प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को अवगत कराया कि जिला में भारी बारिश के चलते जलभराव की स्थिति में वे हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। चूंकि उन्होंने नौ सेना में सेवा की है, जिसमें अधिकांश कार्य पानी से जुड़ी गतिविधियों में रहता है। संगठन के प्रधान विजय पूनिया ने बताया कि एसोसिएशन व एमआर स्विमिंग पूल की गोताखोर टीम के सदस्य भी किसी बाढ़ जैसी विपत्ति के समय प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करेंगे। टीम द्वारा लोगों की जान बचाने एवं आपदा प्रबंधन में सहयोग देने के लिए वे हमेशा तैयार रहेंगे। उनकी टीम में कुल 270 सदस्य हैं। टीम लोगों की जान बचाने एवं आपदा प्रबंधन में सहयोग देने के लिए वे तत्पर हैं। उन्होंने बताया कि क्लब एवं एमआर स्विमिंग पूल की गोताखोर टीम आपदा प्रबंधन और बचाव कार्यों में दक्ष है। प्रशासन के साथ मिलकर टीम किसी भी आपातकालीन स्थिति में राहत और बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी। दूसरी ओर उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने एसोसिएशन को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन द्वारा आपात स्थिति से निपटने में अगर जरूरत पड़ी तो वे एसोसिएशन की गोताखोर टीम का सहयोग लेंगे। इस अवसर पर विजेंद्र सिंह, अमित कुमार, जितेंद्र सिंह, प्रवीण सहरावत, आनंद कुमार, राजेश कुमार, रमेश चंद्र, अमरेश कोडान उपस्थित थे।