वैश्य आर्य शिक्षण महिला महाविद्यालय में हरियाणा राज्य युवा रेड क्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में स्वयंसेविकाओं के लिए एक दिवसीय बेसिक फर्स्ट एड प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को प्राथमिक उपचार संबंधी आवश्यक जानकारी देकर आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता के लिए तैयार करना था। फर्स्ट एड ट्रेनर कंचन कुमार ने प्रतिभागियों को दुर्घटना, चोट, रक्तस्राव, जलने, बेहोशी, साँस रुकने, हड्डी टूटने तथा हृदय गति रुकने जैसी स्थितियों में प्राथमिक उपचार देने के तरीके बताए। उन्होंने छात्राओं को सीपीआर, पट्टी बांधने और घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिए। उन्होंने कहा कि सही समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आशा शर्मा ने कहा कि प्राथमिक उपचार मानवता की सेवा का पहला कदम है और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा भावना, आत्मविश्वास व सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करते हैं। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की एनएसएस एवं वाईआरसी इकाई द्वारा किया गया।