फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए दमकल कर्मियों भवीचंद शर्मा और रणवीर सिंह के मामले में हरियाणा सरकार की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई न होने पर फायर कर्मचारियों में भारी रोष है। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा से संबद्ध हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने 8 व 9 अप्रैल को दो दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल का एलान किया है। यूनियन के राज्य प्रधान राजिंदर सिन्द और महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि शहीद दमकल कर्मियों को शहीद का दर्जा देने, उनके परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी देने सहित अन्य मांगों को लेकर कर्मचारी लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। इसी कड़ी में राज्य कमेटी के पदाधिकारियों ने एमआईई दमकल केंद्र में कर्मचारियों के साथ बैठक कर हड़ताल की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सभी नियमित व अनियमित कर्मचारियों ने एकजुट होकर हड़ताल में भाग लेने का संकल्प लिया। नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य संगठनकर्ता राजपाल ने बताया कि दमकल कर्मचारियों के समर्थन में 8 व 9 अप्रैल को प्रदेशभर के सफाई कर्मचारी दमकल केंद्रों पर उल्टा झाड़ू प्रदर्शन करेंगे। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगें पूरी नहीं कीं तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन भी किया जा सकता है।