बहादुरगढ़ शहर के नाहरा-नाहरी रोड पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब डस्ट से भरे एक हाइवा के केबिन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। जानकारी के अनुसार, हाइवा दादरी से बामडौली की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन नाहरा-नाहरी रोड पर शिवम अस्पताल के पास पहुंचा, तो अचानक केबिन के नीचे धुआं उठना शुरू हो गया। चालक गुलशन ने तुरंत वाहन रोककर जांच की तो देखा कि धुआं धीरे-धीरे आग की लपटों में बदल रहा है। उन्होंने मिट्टी और अन्य साधनों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मगर तब तक हाइवा के केबिन का हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग की वजह से हाइवा के आगे के दोनों टायर फट गए और अगला शीशा भी चटक गया। गनीमत रही कि आग सीएनजी सिलेंडरों तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आग बुझने के बाद भी काफी देर तक हाइवा से धुआं उठता रहा। केबिन में आग की वजह से ऊपर से गुजर रही ११केवी की एचटी लाइन जल गई। एचटी लाइन में आग लगते ही बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची और बिजली सुचारू करने का कार्य शुरू किया। एचटी लाइन जलने के कारण आसपास के एरिया में बिजली भी गुल हो गई। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान नाहरा-नाहरी रोड पर जाम की स्थिति भी बनी रही