रष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम में दिखी पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस दौड़ के दौरान बेहोश हुए एक छात्र की समय पर सहायता कर उसकी मदद के लिए पहल करने वाली पुलिस आयुक्त डाॅ. राजश्री सिंह का सोमवार को उस छात्र और उसके परिवार ने धन्यवाद किया। परिजनों ने पुष्पगुच्छ और पारंपरिक शाल भेंटकर पुलिस आयुक्त का सम्मान किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। यहां बता दें कि रन फार यूनिटी में सैकड़ों विद्यार्थी जोश और उत्साह के साथ भाग ले रहे थे। दौड़ के दौरान अचानक एक छात्र अस्वस्थ होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसी समय कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुलिस आयुक्त डाॅ. राजश्री सिंह ने बिना विलंब किए स्वयं मौके पर पहुंचकर बच्चे को संभाला। उन्होंने तुरंत प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई और पुलिस की गाड़ी से उसे नागरिक अस्पताल भेजा। उनके त्वरित और संवेदनशील निर्णय से बच्चे की स्थिति शीघ्र ही सामान्य हो गई। आज जब छात्र पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने माता-पिता के साथ पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा तो वहां का दृश्य भावनाओं से भरा हुआ था। बच्चे की माता ने कहा कि यदि उस समय पुलिस आयुक्त ने त्वरित मदद नहीं की होती तो न जाने क्या हो जाता। हमारे लिए वे केवल एक अधिकारी नहीं बल्कि एक अभिभावक हैं जिन्होंने हमारे बच्चे को नया जीवन दिया। बच्चे ने भी भावुक होकर कहा कि वह आगे चलकर पुलिस अधिकारी बनना चाहता है ताकि लोगों की सेवा कर सके। पुलिस आयुक्त ने कहा कि हर पुलिस अधिकारी का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं बल्कि समाज में मानवीय संवेदनशीलता को जीवित रखना भी है।