संवाद न्यूज एजेंसी बेरी। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन बेरी की यूनिट और सब यूनिट स्तर पर हरियाणा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता बेरी यूनिट के सचिव अनिल दीक्षित ने की। यूनिट के सचिव अनिल दीक्षित ने संबोधित करते हुए कहा कि बिजली कर्मचारियों की विभिन्न मांगें लंबे समय से लंबित पड़ी हैं। इन मांगों को लेकर कर्मचारी कई बार विभागीय अधिकारियों और सरकार के समक्ष अपनी बात रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है। उन्होंने कहा कि बिजली निगम के कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। कर्मचारियों को समय पर सुविधाएं, पदोन्नति, रिक्त पदों पर भर्ती तथा अन्य लंबित मामलों का निपटारा किया जाना चाहिए। कर्मचारियों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फोरमैन जसविंद्र ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक बड़े प्रदर्शन आयोजित किए जा सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। यूनियन ने सरकार से मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उनके हितों की रक्षा की जाए, ताकि बिजली व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहे। धरना प्रदर्शन में संजीव जाखड़, मुकेश, मनोज कादयान, सुधीर कादयान आदि कर्मचारी मौजूद रहे।