हिसार में प्रस्तावित महापंचायत से पहले जननायक जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। दलाल खाप 84 ने दुष्यंत चौटाला का खुलकर विरोध करते हुए महापंचायत में शामिल न होने का ऐलान किया है। देर शाम गांव मांडौठी में दलाल खाप 84 की बैठक आयोजित हुई, जिसमें खाप प्रधान भूप सिंह और गौशाला प्रधान बल्लू दलाल ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। बैठक में खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि वे हिसार की महापंचायत से दूरी बनाए रखेंगे और दुष्यंत चौटाला के खिलाफ विरोध जारी रहेगा। खाप ने हिसार CIA में तैनात सब-इंस्पेक्टर राजकुमार दलाल के समर्थन में भी मजबूती से अपनी बात रखी। खाप का कहना है कि राजकुमार दलाल उनके समाज का हिस्सा हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामला उस वक्त चर्चा में आया जब दिग्विजय चौटाला द्वारा सब-इंस्पेक्टर राजकुमार दलाल को धक्का देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसी घटना को लेकर खाप में नाराजगी देखी जा रही है। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पहले वायरल हुए एक बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया, जिसमें उपप्रधान द्वारा दुष्यंत चौटाला का समर्थन दिखाया जा रहा था। खाप ने उस वीडियो का भी विरोध करते हुए स्थिति साफ की। खाप प्रधान बल्लू दलाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके समाज के किसी भी व्यक्ति के साथ गलत व्यवहार किया गया, तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा