शहर के नागरिक अस्पताल के ए ब्लॉक में जिले की पहली 80 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मशीन की स्थापना का कार्य किया जा रहा है और अगले पखवाड़े तक इसकी सेवाएं शुरू होने की संभावना है। मशीन शुरू होने के बाद क्षेत्र के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक सीटी स्कैन कराने के लिए मरीजों को निजी सेंटरों या दूसरे शहरों में जाना पड़ता था, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते थे। नई सुविधा शुरू होने के बाद हेड इंजरी का सीटी स्कैन मात्र 650 रुपये में किया जाएगा। इसके अलावा बीपीएल परिवार, हरियाणा सरकार के कर्मचारी व पेंशनर्स, अज्ञात दुर्घटनाग्रस्त मरीज, एससी/एसटी वर्ग और अर्बन स्लम निवासी सहित सात पात्र श्रेणियों के मरीजों की जांच निशुल्क की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से बाहर होने वाले करीब 70 प्रतिशत रेफरल कम होने की उम्मीद है और मरीजों को समय पर जांच की सुविधा मिल सकेगी।